हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के कस्बा सिंभावली में एक सर्राफे की दुकान में चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने चार घंटे के भीतर ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस क्षेत्र में कांबिंग कर रही है। साथ ही घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिससे पुलिस ने सर्राफा की दुकान से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद किए हैं। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने अवैध असलहा मय जिंदा और खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक सेंट्रो कार, एलपीजी सिलेंडर, गैस कटर मय ऑक्सीजन सिलेंडर, चोरी करने के उपकरण आदि बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाश का नाम आमिर निवासी फुलडी गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ है जिसके ऊपर गैंगस्टर समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
गढ़मुक्तेश्वर के क्षेत्राधिकार आशुतोष शिवम ने बताया कि मंगलवार की रात चोरों ने सर्राफा व्यापारी की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। मामले की सूचना पाकर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की और जगह-जगह नाकेबंदी कर कड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इसी बीच बक्सर पुल नहर के पास चेकिंग के दौरान कार सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आमिर गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसका साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार किया गया आमिर शातिर किस्म का अपराधी है जिसके ऊपर गैंगस्टर में भी मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार किए गए आमिर से पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी सेंट्रो कार, अवैध असलहा मय जिंदा खोखा कारतूस, एलपीजी सिलेंडर और चोरी करने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457






























