हड़ताल स्थगित के बाद काम पर लौटे अधिवक्ताओं का फूल देकर स्वागत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अधिवक्ताओं ने पुलिस के आश्वासन के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया है जिसके बाद मंगलवार को कचहरी पहुंचे अधिवक्ताओं का हापुड़ कोतवाल नीरज कुमार ने फूल देकर वकीलों का स्वागत किया।अधिवक्ताओं ने फूल को स्वीकार करते हुए आभार जताया। प्रयास है कि पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच मन-मुटाव दूर हो।
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकार स्तुति सिंह ने हापुड़ कचहरी के बार रूम में शुक्रवार को अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द ही मान लिया जाएगा। लाठीचार्ज के दोषी पुलिस कर्मियों को गैर जनपद स्थानांतरित किया जाएगा। आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने 15 अक्टूबर तक हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया है और मंगलवार से वकील कार्य पर लौट आए हैं।
ज्ञात हो कि 29 अगस्त को अधिवक्ताओं पर हुए लाठी चार्ज मामले में अधिवक्ता हड़ताल पर चले गए थे जिन्होंने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं के हड़ताल पर जाने से न्यायिक कार्य भी प्रभावित रहा। फिलहाल कुछ पुलिसकर्मियों व अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि उन्हें आश्वासन मिला है जल्द ही शेष मांगों को भी मान लिया जाएगा।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में : 7017732103































