हापुड़: चार दिनों से पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं का हंगामा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के वार्ड नंबर-28 के लोग इन दिनों पानी की किल्लत से बेहद परेशान हैं। सिकंदर गेट स्थित ओवरहेड टंकी से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है जिसकी वजह से मोहल्लेवासियों को प्यास बुझाने के लिए यहां-वहां से पानी लाना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि लो वोल्टेज के कारण मोटर का पंप काम नहीं कर रहा। टंकी परिसर में खड़े जनरेटर में डीजल की आपूर्ति ना होने की वजह से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही। यह हालात पिछले तीन-चार दिनों से बने हुए हैं जिससे गुस्साई महिलाओं ने गुरुवार को पानी की टंकी पर पहुंचकर हंगामा किया और मांग की कि क्षेत्र की जलापूर्ति को सुचारू किया जाए।
वार्ड नंबर-28 के सभासद रिज़वान ने बताया कि सिकंदर गेट स्थित ओवरहेड टंकी पर बिजली के संकट के कारण पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र की जलापूर्ति बाधित है जिसकी वजह से लोगों के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। कागजों में तो डीजल की आपूर्ति की जा रही है लेकिन असल में टंकी के जनरेटर में समय पर डीजल की आपूर्ति न होने की वजह से मोहल्लेवासी बेहद परेशान है। आपको बता दें कि इलाके में आ रही लो वोल्टेज की वजह से मोटर पंप काम नहीं कर रहा तो वहीं जनरेटर में भी डीजल ना होने की वजह से पानी की किल्लत हो रही है। मोहल्ला भंडा पट्टी, मोहल्ला हीरा मस्जिद, शाह बिलात मस्जिद, पुराना कमेला, कोटला सादात आदि क्षेत्र के लोग पिछले चार दिनों से परेशान हैं।
























