हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर में भ्रूण लिंग की जांच का मामला सामने आया है। हरियाणा से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हापुड़ के स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ दिनेश खत्री के साथ मिलकर सोमवार को एक मकान पर छापा मारा। इस दौरान आरोपी मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर फरार हो गए जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

घर में हो रही थी जांच
हापुड़ स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉक्टर दिनेश खत्री के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं के भ्रूण लिंग की जांच कर रहा है। एक मकान में यह धंधा पोर्टेबल अल्ट्रासाऊंड मशीन द्वारा किया जा रहा था। उसके बाद हरियाणा और हापुड़ की संयुक्त टीम ने गांव कनौर में छापा मारा तो हालात देखकर विभाग दंग रह गया। यहां पोर्टेबल अल्ट्रासाऊंड मशीन चलती पाई गई। साथ ही एक लैपटॉप भी मिला। टीम को देखकर आरोपी मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर भाग खड़े हुए। इसके बाद बहादुरगढ़ पुलिस को मामले से अवगत कराया।

फ़रीदाबाद निवासी समेत दो पकड़े:
थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नोडल अधिकारी की तहरीर के आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने फरीदाबाद निवासी भोला शंकर तथा जनपद हापुड़ के धौलाना निवासी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। फरार साथियों की तलाश जारी है।
हापुड़ में अब पांच मिनट में हटवाएं मस्से: 7668219093























