हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। यह चोर बेखौफ होकर दिनदहाड़े सड़क पर खड़े वाहनों को चोरी कर रहे हैं जिन्हें एक वाहन चोरी करने में लगभग 20 से 25 सेकंड का समय लगता है। इस घटना को अंजाम देने के लिए दो लोग साथ रहते हैं जो मौका देख कर सड़क पर खड़े वाहनों को अपना निशाना बना रहे हैं।
ताजा मामला हापुड़ की स्वर्ग आश्रम रोड का है जहां हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के त्यागी नगर में पंकज अग्रवाल पुत्र मुकेश अग्रवाल की स्कूटी तीन जून को घर के बाहर खड़ी हुई थी। इसी बीच दो संदिग्ध त्यागी नगर पहुंचे और घर के बाहर खड़ी स्कूटी को देख कर उसे चुराने की योजना बनाने लगे जिनमें से लाल शर्ट वाले ने पहले घर में ताकाझांकी की और हरी शर्ट पहने अपने साथी को सिग्नल दिया जिसके बाद हरीश शर्ट वाला संदिग्ध व्यक्ति घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर बैठ गया और करीब 23 सेकेंड के अंदर स्कूटी का लॉक खोल कर अपने दूसरे साथी के साथ सवार होकर मौके से भाग खड़ा हुआ।
पंकज का कहना है कि जब वह घर के बाहर आए तो स्कूटी गायब देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने पास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो पता चला कि दो चोरों ने उनकी स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया है। पंकज की तहरीर के आधार पर हापुड़ कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं कि वह दिन में वाहन चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं जो बेखौफ होकर घरों के ताकझाँक कर वाहन चुरा रहे हैं। इन वाहन चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी हुई है। पंकज अग्रवाल ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई कर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है
































