हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर रोड पर नहर पटरी पर बंदरों की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में बरेली लैब से रिपोर्ट आ गई है जिसमें बंदरों की मृत्यु का कारण जहरीले पदार्थ का सेवन बताया गया है। हालांकि मामले में पुलिस पहले ही दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
ज्ञात हो कि 15 मई की सुबह गढ़ के गांव शाहपुर रोड पर स्थित नहर पटरी पर कुछ लोग घूमने के लिए गए हुए थे। इसी बीच उन्होंने बंदरों के शव पड़े देखें जिसके बाद उन्होंने संबंधित विभाग को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी करण सिंह, गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह, डिप्टी सीवीओ डॉ रंजन सिंह ने हालात का जायजा लिया। विभाग को कुल मिलाकर 27 बंदरों के शव बरामद हुए जिन्हें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने भी अपनी कार्रवाई जारी रखी जिसने खुलासा किया कि बंदरों के उत्पात से तंग आकर किसान कपिल चौहान और लाला उर्फ रोहताश ने बंदरों को जहरीला गुड़ खाने को दिया जिससे उनकी मौत हो गई। बंदर किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे थे जिससे तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया। वहीं बंदरों की मौत का कारण जानने के लिए बिसरा को बरेली की आईवीआरआई भी भेजा गया था जहां से आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि जहरीले पदार्थ का सेवन करने से ही बंदरों की मौत हुई थी।






















