हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): दिल्ली के जंतर मंतर पर पिछले 24 दिनों से धरने पर बैठी महिला पहलवानों के समर्थन में राष्ट्रीय लोक दल व भारतीय किसान यूनियन असली अराजनैतिक उतर आए हैं जिन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर महिला पहलवानों को इंसाफ दिलाने के लिए राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अधिकारी को सौंपा और महिला पहलवानों के हक में आवाज उठाई। आपको बता दें कि डब्लयू एफ आई के अध्यक्ष और भाजपा सांसद के खिलाफ महिला पहलवान पिछले कई दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रही हैं जिन्होंने भाजपा सांसद पर यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में राष्ट्रीय लोक दल और किसान संगठन महिला पहलवानों के समर्थन में उतर आए हैं जिन्होंने हापुड़ की कलेक्ट्रेट पर मंगलवार को धरना देकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि महिला पहलवानों को इंसाफ दिलाया जाए। राष्ट्रीय लोक दल से रविन्द्र, सुरेंद्र सिंह, संतपाल सिंह, सत्येंद्र, संजय कुमार, अनिल चौधरी तथा भारतीय किसान यूनियन असली अराजनैतिक की ओर से जिला अध्यक्ष देवेंद्र व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यदि महिला पहलवानों को इंसाफ नहीं मिला तो वह एक बार फिर प्रदर्शन करेंगे।






















