हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : अब श्रमिकों की बेटियों की शादी के लिए 75 हजार रुपए विभाग द्वारा प्रदान किए जाएंगे जिससे श्रमिकों को अपनी बेटियों के हाथ पीले करने की चिंता से मुक्ति मिलेगी। आपको बता दें कि कन्या विवाह सहायता योजना के तहत श्रम विभाग श्रमिकों की बेटियों की शादी के लिए 75 हजार रुपए प्रदान कर रहा है जिसमें से 65 हजार की धनराशि पंजीकृत श्रमिकों के खाते में भेजी जाएगी जबकि 10 हजार उनके वस्त्र खरीदने पर खर्च किए जाएंगे।
16 नवंबर को श्रम विभाग द्वारा जनपद गाजियाबाद के कविनगर स्थित रामलीला मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है जिसके लिए जिले के जोड़ों को भी कन्या विवाह सहायता योजना से लाभान्वित किया जाएगा। जो भी आवेदक योजना का लाभ उठाना चाहता है वह आवेदन जिला मुख्यालय में जमा करा सकता है। इस योजना से उन्हें ही लाभान्वित किया जाएगा जिनके श्रमिक माता-पिता ने श्रम विभाग में पंजीकरण की न्यूनतम 100 दिन की सदस्यता अवधि पूरी कर ली हो और वर्तमान में भी वह सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हो।




























