हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण भारत सरकार द्वारा योजना से आच्छादित कम से कम 70% लाभार्थी परिवारों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए आपके द्वार आयुष्मान 2.0 अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। तत्काल में यह निर्णय लिया गया है कि राज्य के समस्त जनपदों में 16 सितंबर 2021 से 30 सितंबर 2021 तक आपके द्वार आयुष्मान 2.0 अभियान चलाया जाएगा जिसमें प्रत्येक जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष 70% परिवारों में कम से कम एक आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जनपद स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में अभियान की सफलता हेतु एक टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा जिसमें पंचायती राज विभाग, ग्राम विकास विभाग, आईसीडीएस विभाग आदि के नोडल अधिकारी सम्मिलित होंगे। टास्क फोर्स द्वारा अभियान के दौरान कार्य योजना के अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्यवाही का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विभिन्न विभागों के फील्ड कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्रीय आशा के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लक्षित परिवारों को नियत तिथि एवं स्थान पर आयुष्मान कार्ड कैंप में लाने एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था की जा रही है।




























