हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : अवैध कारोबार से संपत्ति इकट्ठा करने वालों को उत्तर प्रदेश सरकार बख्शने के मूड में नहीं है। अवैध कारोबार से धन अर्जित करने वालों के खिलाफ योगी सरकार ने महा अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर में देहात पुलिस पहुंची जहां अवैध शराब के कारोबार से खड़ी हुई 70 लाख 36 हजार रुपए की कोठी को कुर्क किया। हापुड़ सदर एसडीएम दिग्विजय सिंह को रिसीवर नियुक्त किया गया है जो थाना देहात पुलिस के साथ गांव पहुंचे और मुनादी करा कुर्की की कार्रवाई की।
बताते चलें कि कनिया कल्याणपुर निवासी अजय चौधरी पुत्र विक्रम सिंह और उसकी पत्नी सीमा सिंह का एक सुसंगठित गिरोह है जिसपर काले कारनामों से धन अर्जित करने का आरोप है। अवैध शराब के कारोबार से दंपति ने यह कोठी खड़ी की थी जिसे जिलाधिकारी मेधा रूपम के आदेश पर कुर्क किया गया। बताया जा रहा है कि अजय चौधरी कई वर्षों से इस अवैध कारोबार को कर रहा है जिसने जिला पंचायत चुनाव में सदस्य पद के लिए आवेदन भी किया था लेकिन अवैध शराब की तस्करी के मामले में वह फंस गया और चुनाव नहीं लड़ सका।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई गुरुवार को ही होनी थी लेकिन मंत्री के कार्यक्रम की व्यवस्था के चलते कार्यवाही शुक्रवार को की गई।




























