- फोटों: गिरफ्तार पांच आरोपी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के एक पुलिसकर्मी पर ज़मीन पर कब्जा करने और डकैती जैसी संगीन धाराओं में मेरठ में मुकदमा दर्ज हुआ है। हापुड़ के दो अन्य लोगों समेत कुल 61 के खिलाफ मेरठ के लिसाड़ी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि इन 61 में से पांच आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इन सभी का अपराधिक रिकार्ड भी खंगाल रही है।
जानिए पूरा मामला:
हापुड़ के एक पुलिसकर्मी, हापुड़ निवासी दर्शन तथा बबलू समेत 61 आरोपियों पर मेरठ में अंजुम पैलेस के पास करोड़ों रुपए की जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कब्जा करने और डकैती जैसी संगीन धाराएं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को सोमवार रात गिरफ्तार भी कर लिया वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार पुलिस दबिश दे रही है।
पीड़ित पुष्पेंद्र ने लगाया आरोप:
मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ा फार्म के निवासी पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि उसकी लगभग 17 बीघा पुश्तैनी जमीन अंजुम पैलेस के पास है। 4 जुलाई को हथियारों से लैस कुछ दबंग जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से पहुंचे और चौकीदार को पीटकर गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुष्पेंद्र मौके पर पहुंचे जिसे हथियारों के बल पर आरोपियों ने धक्का देकर बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी देने लगे जिसके बाद पुष्पेंद्र पुलिस की शरण में पहुंचा।
थाना पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई:
पीड़ित का कहना है कि वह मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट पुलिस की शरण में पहुंचा और तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके बाद पीड़ित पुष्पेंद्र ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को तहरीर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जिसमें कब्जा, लूटपाट और अन्य आरोप सही पाए गए। एसएसपी ने मामले में सीओ कोतवाली और प्रशासनिक टीम को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए और पांच अगस्त को मामले में लिसाड़ी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई।
दरोगा समेत 21 नामजद:
पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 21 लोगों को नामजद करते हुए 61 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों में हापुड़ के एक पुलिसकर्मी, हापुड़ निवासी दर्शन तथा बब्लू और गैंगस्टर आशू का नाम भी शामिल है।
जाने किन के खिलाफ हुई रिपोर्ट दर्ज:
मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट पुलिस ने एक पुलिसकर्मी, हापुड़ निवासी दर्शन तथा बब्लू, गाजियाबाद निवासी राजीव, संजय, मइंद्रपाल, मेरठ के सिटी गार्डन निवासी समीर उर्फ आलेनवी, तारापुरी निवासी आस मोहम्मद उर्फ लादेन, नूरनगर निवासी गौतम तथा इंद्रपाल, सरफराज निवासी जाटो वाली गली, जाहिद निवासी सेक्टर-8 शास्त्रीनगर, बबबू निवासी माधवपुरम, मोइनुद्दीन निवासी जाकिर कॉलोनी, अबरार अहमद पूर्व पार्षद निवासी लिसाड़ी रोड, आशू गैंगस्टर निवासी माधवपुरम, अमीरूद्दीन निवासी खुशहालनगर, डॉ जुबैर निवासी राधना, फतेहयाब निवासी राधना, साजिद निवासी बाहरोडा किठौर, नौसेर निवासी बाहरोड़ा व 40 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है।
पांच आरोपी गिरफ्तार:
मामले में पुलिस ने सोमवार रात पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में संजय, राजीव तेवतिया तथा तीन अन्य शामिल हैं। बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
MISS N KIDS: कपड़ों पर पाएं खास छूट, कॉल करें: 7838004027:





























