हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में बिजली चोरों के खिलाफ अभियान जारी है। इसी क्रम में विद्युत विभाग ने एक ग्राम प्रधान के घर भी बिजली चोरी पकड़ी और मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि मंगलवार की सुबह चार बजे गढ़ एक्सएन के. पी. पुरी ने विद्युत अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ चैकिंग अभियान चलाया और बिजली चोरों के खिलाफ शिकंजा कसा।
जब टीम सिंभावली के गांव बक्सर में पहुंची तो 16 बिजली चोर पकड़े गए जिनके खिलाफ विभाग ने कार्रवाई की। जब टीम आगे बढ़ी तो गांव होशियारपुर गढ़ी में भी चैकिंग अभियान चलाया गया जहां के हालात देखकर बिजली विभाग के अधिकारी चौंक गए। यहां कई घरों में कटिया डालकर बिजली चोरी करने वाले 30 लोगों पर बिजली विभाग ने कार्रवाई की।
बिजली विभाग की कार्रवाई में एक ग्राम प्रधान भी आ गया जो कि रंगे हाथों बिजली चोरी करते पकड़ा गया। टीम को देखकर ग्राम प्रधान भाग खड़ा हुआ। सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान पहले ककोड़ी में लाइनमैन का कार्य करता था तभी से उसके हौंसले बुलंद हैं। वहीं ग्राम प्रधान का कहना है कि उसे मामले की जानकारी नहीं है वह सुबह ही एक मौत में शोक प्रकट करने आए हुए हैं। विभाग की इस कार्रवाई के दौरान गढ़ एक्सएन के.पी.पुरी, एसडीओ प्रभव, जेई प्रमोद आदि उपस्थित रहे। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रात तक जारी रहेगी।
विश्वसनीयता के साथ कराएं Full Body Checkup, वह भी सबसे कम दामों पर: 7817982711

































