हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की जिलाधिकारी मेधा रुपम ने हापुड़ की तीनों तहसीलों धौलाना, हापुड़ व गढ़मुक्तेश्वर में विभिन्न विभागों के अफसरों व कर्मचारियों के लिए बैठक का रोस्टर जारी किया है। जनपद के सभी अफसरों व कर्मचारियों को प्रतिदिन रोस्टर के अनुसार कार्य करना होगा और उसकी रिपोर्ट डीएम को भेजनी जरुरी है।
रोस्टर के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस आदि निर्धारित तिथि पर आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त साप्ताहिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनता दरबार लगेगा जिसमे अधिकारी जनता से मिलेंगे।
जनपद भर में गंदे पानी की निकासी, यातायात का सुगमता से निकलना, अतिक्रमण हटाना, पौधारोपण, स्वच्छता, गंगा किनारे सफाई, पेयजल की आपूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज की परियोजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना आवंटन, राशन वितरण सहित केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का कार्यान्वयन आदि पर ध्यान दिया जाएगा। उद्यमियों, व्यापारियों, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से हल किया जाएगा।




























