हापुड़,सीमन/सूवि (ehapurnews.com): जिलाधिकारी अनुज सिंह के निर्देश पर शनिवार को विशेष सफाई अभियान जिले की सभी 273 ग्राम पंचायतों में चला। सफाई में कहीं कोई कमी न रह जाये इसके लिए जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह पूरे अभियान पर नजर बनाए रखे। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और सभी सहायक विकास अधिकारी पंचयत से जानकारी लेते रहे। सचिवों को पहले ही हिदायत दे दी गयी थी कि सफाई अभियान में लापरवाही हुई तो उनके खिलाफ करवाई की जाएगी। परिणाम सकारात्मक रहा। स्वाधीनता दिवस पर जश्न के लिए ग्राम पंचायतें चमक गयी हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी की कोशिश है कि पंचायतें हमेशा साफ सुथरी रहें। विशेष अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों के अंदर की गलियों, सड़कों, स्कूलों, पंचायत भवनों, अन्य सरकारी व सार्वजनिक सम्पतियों के अलावा ग्राम पंचायतों में आने जाने वाले रास्तों पर विशेष सफाई अभियान का असर दिखा। जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह की ओर से सभी सहायक विकास अधिकारी पंचायत को अपने विकास खण्ड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों की सफाई की निगरानी की जिम्मेदारी दी गयी थी। सभी सहायक विकास अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी को दे दी है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत भानेश्वर यादव ने बताया कि 60 ग्राम पंचायतों में सफाई कार्य मे आज 261 लोग लगाए गए थे। सहायक विकास अधिकारी पंचायत सिंभावली सतीश शर्मा ने बताया कि 65 ग्राम पंचायतों में 279 कर्मी सफाई कार्य मे लगाए गए थे। ऐसे ही धौलाना विकास खण्ड की 55 ग्राम पंचायतों में 389 और हापुड़ विकास खण्ड की 93 ग्राम पंचायतों में 539 कर्मी सफाई कार्य मे लगाए गए। सहायक विकास अधिकारी पंचायत त्रिभुन कौशिक अभियान पर निगरानी रखे थे। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की टीम भी चारों विकास खण्डों में सफाई अभियान पर नजर रखे रही। ठीक से सफाई के लिए प्रोत्साहित करती रही। जिला पंचायत राज अधिकारी की कोशिश है कि ग्राम पंचायतों में स्वाधीनता दिवस का जश्न स्वच्छता के माहौल में मने। ग्रामीण भी स्वच्छता के लिए आगे आएं उनके व्यवहार में बदलाव आए। स्वच्छ माहौल में ही ग्रामीण स्वस्थ और खुशहाल रह सकते हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ग्रामों को गणराज्य के रूप में देखना चाहते थे। उनका मानना था कि ग्राम पंचायतों को खुशहाल व मजबूत बनाकर ही देश को खुशहाल व सशक्त बनाया जा सकता है।। गौरतलब है कि आजादी महोत्सव भी 9 अगस्त से मनाया जा रहा है। उसके तहत ग्राम पंचायतों में मौजूद शहीद स्थलों की सफाई पहले ही कराई जा चुकी है।
CCTV से रखें दुकान, घर, शोरुम पर नज़र, कॉल करें: 9012520053:































