हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की नगर पंचायत बाबूगढ़ में बुधवार को चेयरमैन जगबीर सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में एक बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया जिसमें 11 प्रस्ताव पेश किए गए जिन्हें सर्वसम्मति से पास किया गया जिसके तहत 20 लाख की लागत से श्मशान घाट का पुन: निर्माण होगा जबकि दस लाख रुपए की लागत से बरात घर का सुंदरीकरण होगा।
नगर पंचायत बाबूगढ़ के चेयरमैन जगबीर सिंह गुर्जर ने बताया कि सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए जिसमें पंचायत द्वारा 20 लाख रुपए की लागत से सिमरोली स्थित श्मशान घाट का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। पंचायत कार्यालय में स्थित बरात घर का दस लाख रुपए की लागत से सुंदरीकरण होगा, बाबूगढ़ कस्बे में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाएगा, वार्ड नंबर-1 में एनएच 9 की सर्विस रोड पर गर्ग डेरी से बछलौता तिराहे तक जलापूर्ति के लिए पेयजल लाइन बिछाई जाएगी, वार्ड नंबर 3 में वाल्मीकि बस्ती से तालाब तक नाले का निर्माण होगा, इसके साथ नगर पंचायत की दुकानों की छत की नीलामी कराई जाने, वार्ड संख्या 1 में स्थित तालाब की सफाई व सर्दियों में अलाव के लिए लकड़ी आदि की व्यवस्था का प्रस्ताव भी बैठक में सर्वसम्मति से पास हुआ।
इस दौरान आदेश शर्मा, अमन कुमार, नरेंद्र कुमार उर्फ बंटी, नीतू सिंह, मीनू चौधरी, सुषमा आदि सभासद उपस्थित रहे।
































