हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): नोएडा पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो कि ऑनलाइन मोबाइल बेचने का झांसा देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने मामले में चार लोगों को पकड़ा है जिनमें से एक हापुड़ का है।
दरअसल ये चारों वेबसाइट के ज़रिए सस्ते दाम पर मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का लालच लोगों को देते थे और ग्राहक को ठग लेते थे। नोएडा कोतवाली फेस तीन पुलिस और साइबर सेल ने खुलासा करते हुए कहा कि आरोपितों ने पिछले दिनों निम्बस कंपनी का सर्वर हैक कर लाखों लोगों को सस्ते में आइफोन खरीदने का मैसेज भेजा था और उसमें से काफी लोगों से ठगी की गई थी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अंकित रमोला निवासी पांडव नगर दिल्ली, हर्षित रमोला निवासी गणेश नगर दिल्ली, आकाश बंसल निवासी ग्रेटर नोएडा और आकाश कंसल निवासी पिलखुवा हापुड़ के रूप में हुई। आरोपितों के पास से 10 मोबाइल फोन, 5 लैपटाप, 12 डेबिट कार्ड, 4 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 2 इंटरनेट डोगंल, 2 चेक बुक के अलावा करीब 17 लाख 62 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है। है। आरोपित लोगों को झांसा देकर ठगी कर रकम को बिट क्वॉइन में भी बदल देते थे और काफी समय से ठगी के धंधे में संलिप्त थे।
























